
रीवा, रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विवेकानंद नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने न सिर्फ मकान मालिक के कमरे का ताला तोड़ा, बल्कि वहीं रहने वाले किराएदार के कमरे को भी खंगाल डाला। चोर आलमारी के लॉकर तोड़कर उसमें रखी नगदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए।
पीड़ित मकान मालिक अनिल तिवारी, जो पेशे से शिक्षक हैं, विवेकानंद नगर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह 6 अक्टूबर को अपने इलाज के सिलसिले में परिवार सहित नागपुर गए हुए थे। इसी दौरान घर पर कोई नहीं था।वही मकान के एक हिस्से में किराए से रहने वाला परिवार भी घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। किराएदार अपने पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे, ऐसे मे पूरा मकान सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
आज सुबह जब पीड़ित परिवार वापस रीवा पहुंचा और घर के मुख्य दरवाजे पर कदम रखा, तो उनके होश उड़ गए। घर के कमरों के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाने पर देखा कि आलमारी का लॉकर खुला हुआ था और पूरे कमरे का सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। वही किराएदार के कमरे की भी यही स्थिति थी। घटना की भयावहता को देखते हुए पीड़ित शिक्षक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। हलाकि पीड़ित परिवार अभी घर के सामान और जेवरातों का मिलान कर रहा है, जिसके कारण चोरी गए कुल मसरूके की सटीक कीमत का अनुमान अभी नहीं लगाया जा सका है।
