
शिवपुरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शिवपुरी जिले की करैरा, पोहरी, शिवपुरी, पिछोर और कोलारस विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के विशेष अद्यतन अभियान के तहत 9 अक्टूबर तक मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। अभियान को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र शुक्ला ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ स्टैंडिंग कमेटी की बैठक की।
शुक्ला ने बताया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। पात्र नागरिक मतदान केंद्र पर बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकते हैं। बीएलओ को फॉर्म लेते समय किसी अतिरिक्त घोषणा पत्र की मांग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों में भी शिविर लगाए जा रहे हैं। युवा Voter Helpline App अथवा voters.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बीएलओ द्वारा मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा।
