
आरोपियों के अवैध अतिक्रमण गिराए
आधा दर्जन मकान जमीदोज
नवभारत,न्यूज
दमोह. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सीताबावड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह गर्भवती गाय की हत्या के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही.इस दौरान आरोपियों के आधा दर्जन से अधिक मकानों पर प्रशासन का बुलडोजर.यहां रहने वाले लोग सोकर नहीं जाग पाए उसके पहले पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए थे. राजस्व विभाग की टीम की ओर से चिह्नित किए गए सभी अतिक्रमणों को जेसीबी से तोड़ा गया. इस दौरान बड़ी संख्या में जिले के कई पुलिस थानों का बल मौजूद रहा.तहसीलदार मोहित जैन ने कहा कि क्षेत्र में और भी अतिक्रमण चिह्नित किए जा रहे हैं.सभी अवैध निर्माण बारी-बारी से हटाए जाएंगे.
*बदमाशों ने की थी गर्भवती गाय की हत्या*
शुक्रवार सुबह कुछ बदमाशों ने सीता बावड़ी इलाके में अतिक्रमण कर बनाए गए घर में गर्भवती गाय की हत्या कर दी थी. हिंदू संगठन के अंजू खत्री, निस्वार्थ गौसेवा समिति दीपक नेमा, नित्या प्यासी,सत्यम चौरसिया, दीपक तिवारी, पवन रजक,अनुराग यादव, लकी, अभिषेक, रोहित, आयुष,सनी,श्रवण पाठक, राज, मोहित,अभी, रुद्र, गोलू,लोकेश, निखिल, मुंशी,गोलू चौबे जब अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर कट्टे से फायर कर दिया. हिंदू संगठन के युवाओं ने कुछ आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया.पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया.घटना के बाद हिंदू संगठनों ने दमोह बंद करा दिया और घंटाघर पर प्रदर्शन शुरू करते हुए पुतला जलाया गया. दोपहर एक बजे तक शहर बंद रहा. पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.इसके बाद विरोध खत्म हुआ और दुकानें खुलीं.
पुलिस ने पांच आरोपी कल्लू उर्फ शमशेर, उसकी पत्नी रेखा, नाबालिग कुरेशी, समीर कुरेशी और नवाजिश के खिलाफ हत्या का प्रयास, गौ-वध और धार्मिक भावनाएं आहत करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है. आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं हुई है. वहीं इस घटना के बाद नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है.दमोह जिले से ही पशुपालन मंत्री आते हैं उन्होंने भी एक्स पर लिखा कि घटना काफी दुखद है आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.इसके अलावा मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल,विधायक जयंत मलैया, हटा उमादेवी खटीक और दमोह सांसद राहुल सिंह ने भी आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करने की बात कही.
