
बुधनी। नगर में दिन-दहाड़े चोर घर से लाखों की चोरी करके भाग निकले. घटना सुबह के समय की है जब महिला घर लॉक किए बिना जिम चली गई. घर में 7 साल का उसका बेटा सो रहा था. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 7 में ओरिएंटल स्कूल के पास गांव सतवासा निवासी अंजली पति राकेश कुमार किराए के मकान में रहती है. अंजली फिटनेस सेंटर में रिसेप्शनिस्ट हैं, जबकि उनके पति राकेश ट्राइडेंट कंपनी में काम करते हैं. सुबह करीब 6.30 बजे राकेश ड्यूटी के लिए चले गए.
इसके बाद अंजली भी घर में सात वर्षीय बेटे को सोता छोड़कर जिम चली गईं. इस दौरान घर के दरवाजे पर ताला नहीं लगाया गया था. इसी बीच अज्ञात चोर घर में दाखिल हुए और गोदरेज में रखा जेवरात व नकदी से भरा बैग चोरी कर ले गए. करीब 7.45 बजे अंजली जिम से वापस घर पहुंचीं तो दरवाजा खुला मिला. अंदर जाकर देखा तो गोदरेज खुली हुई थी और एक छोटा बैग भी गायब था. बैग में सोने का हार, पांचाली, मंगलसूत्र, दो कान के झाले, नथ, माथा टीका, सोने की बाली, चेन, चांदी का करधोना और पायल सहित छह लाख रुपए के जेवर रखे थे. इसके अलावा 8,500 रुपए नकद भी बैग में थे. चोरी का पता चलते ही महिला ने पति को फोन कर सूचना दी. इसके बाद दोनों थाने पहुंचे और अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
