जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत डुमना रोड सैनिक सोसायटी में नाबालिग के अपहरण और पत्र के जरिए 15 लाख रूपए की फिरौती मांगे जाने की खबर से हडक़ंप मच गया। परिजनों के लिए पत्र भी छोड़ा गया। पत्र पढकऱ परिजनों के होश ही उड़ गए, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और वे सीधे थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। इसके बाद अपहृत बालिका शाम को सदर में मिल गई।
पुलिस का दावा है कि बालिका से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मांं उसे डांटती थी, परेशान करती थी, मोबाइल पर बात नहीं करने देती थी जिसके चलते वह घर छोडकऱ ऑटो में बैठकर चली गई थी।खमरिया थाना प्रभारी सरोजनी टोप्पो ने बताया कि खमरिया थाना अंतर्गत सैनिक सोसायटी में रहने वाली एक महिला का पति से 15 साल पहले तलाक हो चुका है वह अपनी मां, बेटी के साथ रहती थी। महिला एक अधिवक्ता के यहां काम करती थी जबकि उसकी मां पीडब्ल्यूडी में कार्यरत हैं। महिला अपनी मां को सुबह नौ बजे छोडऩे के लिए पीडब्ल्यूडी ऑफिस गई थी, घर में उसकी 14 वर्षीय बेटी अकेली थी।
जब वे वापिस लौटी तो बच्ची गायब मिली। परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन की लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इस बीच परिजनों को एक पत्र मिला जिसमें बच्ची के अपहरण और फिरौती की मांग की गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर लिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ थाना प्रभारी बल समेत मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू की गई। इस दौरान सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए जिसके बाद बालिका को सदर से दस्तयाब किया गया। बालिका ने बताया कि वह खुद ही मां की डांट से परेशान होकर चली गई थी और पत्र भी उसने स्वयं लिखा था। बालिका से पूछताछ मामला संदिग्ध लग रहा है, मामले की विस्तृत जांच के बाद पूरा मामला साफ हो सकेगा।
पुलिस को खबर की तो चीथड़े तोहफे में मिलेंगे
परिजनों को मिले पत्र में लिखा है कि तुम लोगों की बच्ची मेरे पास हैं, अगर अपनी बच्ची को बचाना है तो अगले महीने की दस तारीख को 15 लाख रूपए लेकर बड़ी खेरमाई मंदिर आ जाना, अगर किसी ने पुलिस को खबर की कोशिश की तो बच्ची के चीथड़े तोहफे में मिलेंगे। खबरदार अगर किसी ने भी पुलिस को खबर की तो14 दिनों का वक्त देता हूं, जल्द से जल्द पैसों का इंतजाम कर, वर्ना अच्छा नहीं होगा।
इनका कहना है
किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया हैं पुलिस मामले की जांच कर रही हैं प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है विस्तृत जांच पड़ताल के बाद ही पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। बालिका सदर में मिल गई है जिससे पूछताछ चल चल रही है।
आनंद कलादगी, एएसपी
