
सीधी । जिले में अच्छी बारिश का बुवाई में असर दिखा और 100 प्रतिशत से अधिक के बोनी का रिकॉर्ड बना। जिले में मानसून की अच्छी बारिश होने से 100.22 प्रतिशत बोनी का रिकार्ड बन चुका है। कृषि विभाग द्वारा सीधी जिले में खरीफ सीजन की बुवाई के लिए पूरी कार्ययोजना का निर्धारण पूर्व में ही कर लिया गया था। जिले में इस बार 158.95 हजार हे. में खरीफ की बुवाई कराने का प्लान तैयार किया गया था। 28 सितंबर 2026 की स्थिति में सीधी जिले में 159.30 हजार हे. क्षेत्रफल में बोनी का कार्य किया जा चुका है। गत वर्ष 146.55 हजार हे. क्षेत्र में बुवाई लक्ष्य निर्धारित किया गया था जबकि इस वर्ष मामूली बढ़ोत्तरी करते हुए जिले में 158.95 हजार हे. में खरीफ की बुवाई का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसमें धान, मक्का, बाजरा, ज्वार, कोदो-कुटकी, तुअर, उड़द, मूंग, तिल आदि शामिल रहे। कृषि विभाग द्वारा इस वर्ष जिले में खरीफ सीजन के लिए जो क्षेत्राच्छादन का प्रस्ताव तैयार किया गया था उसमें धान का प्रस्तावित रकवा 120.25 हजार हे. क्षेत्र था जबकि वर्ष 2025 में 94.00 हजार हे. क्षेत्र में धान की बोनी का रकवा था। इस वर्ष धान की बोनी 119.90 हजार हे. क्षेत्रफल में हुई है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फसलों को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए विभाग से सलाह लेकर कीटनाशकों का उपयोग करें।
००
