
सीधी। लूट के दो आरोपियों तथा एक विधि विरुद्ध बालक को घटना के महज 6 घंटों के भीतर जमोड़ी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सीसीटीव्ही की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया।
जमोड़ी पुलिस ने लूट के दो आरोपियों तथा एक विधि विरुद्ध बालक को लूट करने के बाद महज 6 घंटों में हिरासत मे लिया। पुलिस के अनुसार जमोड़ी में फरियादी मुकेश कुमार साकेत पिता श्रीनिवास साकेत उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम भगड़ा थाना सेमरिया जिला रीवा ने रिपोर्ट किया कि 30 अप्रैल को अपने ससुराल पड़रा से समय करीबन 10.30 बजे दिन बाईपास रोड पर नाश्ता लेने आया था। नाश्ता लेकर जाते समय बाईपास रोड पर ही दो लड़के मिले जो मेरे से लिफ्ट मांगे और मेरे मोटरसायकल पर बैठ गये। थोड़ी दूर जाने पर दोनों ने मेरी मोटरसायकल रुकवा दिये तब तक एक तीसरा लड़का मेरे जेब से मेरी मोबाइल जबरदस्ती छीन लिया और दोनों लड़के मेरे साथ मारपीट करके मेरी पल्सर मोटरसायकल जबरन ले गये । मारपीट से मुझे कई जगह चोट भी लगी है। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी जमोड़ी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी द्वारा पुलिस टीम का गठन कर आरोपियों की धर पकड़ हेतु रवाना किया गया एवं पुलिस टीम ने पुलिस सीसीटीव्ही कण्ट्रोल रूम पहुंच कर सीसीटीव्ही फुटेज देखा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित किया गया एवं घटना कारित करने वालों की पहचान आस पास के क्षेत्रीय लोगों से कराई गई। संदेही संजीव साकेत पिता नरेश साकेत उम्र 18 वर्ष निवासी पडरा, नीरज साकेत पिता स्वर्गीय तीरथ प्रसाद साकेत उम्र 18 वर्ष निवासी पड़रा थाना जमोड़ी तथा एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लेकर पूंछताछ की गई जो अपना अपराध स्वीकार किये एवं लूटे गए मोबाइल फ़ोन तथा मोटरसाइकिल को जप्त करवाये।
