
सतना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना नाका उमरी में बुधवार शाम पुराने विवाद को लेकर तीन युवकों ने एक घर में घुसकर 75 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बुजुर्ग के बेटे मोनू को मारने के इरादे से घर पहुंचे थे। इसी दौरान बेटे को बचाने के लिए पिता रामगोपाल पाण्डेय सामने आए तो आरोपियों ने उन पर ही चाकू से वार कर दिया। हमले में बुजुर्ग के कंधे और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे पन्ना नाका उमरी क्षेत्र में हुई। घायल रामगोपाल पाण्डेय पुत्र बाला प्रसाद पाण्डेय के परिवार का करीब एक महीने पहले आरोपियों से विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर बुधवार को सत्यम गर्ग, धीरेन्द्र गर्ग और नीलेश्वर गर्ग कथित तौर पर रामगोपाल पाण्डेय के घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने घर में घुसकर उनके पुत्र मोनू पर हमला करने का प्रयास किया। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव किया तो रामगोपाल पाण्डेय पर चाकू से वार कर दिया गया।
घायल रामगोपाल पाण्डेय के अनुसार करीब एक महीने पहले उनके पुत्र मोनू का नशे की गोलियों को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। इसके बाद से ही विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि आरोपी लगातार उनके बेटे को नुकसान पहुंचाने की फिराक में थे। बुधवार शाम तीनों आरोपी सीधे घर में घुस आए और मोनू को निशाना बनाने लगे। स्थिति बिगड़ते देख जब उन्होंने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से बुजुर्ग के कंधे और पेट में चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जांच में पुलिस घटना को पुराने विवाद से जोडक़र देख रही है। घायल पक्ष का कहना है कि करीब एक माह पहले मोनू और आरोपियों के बीच नशे की गोलियों को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बुधवार को यही विवाद फिर सामने आया और मामला मारपीट व चाकूबाजी तक पहुंच गया।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
सिविल लाइन पुलिस ने सत्यम गर्ग, धीरेन्द्र गर्ग और नीलेश्वर गर्ग के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे विवाद की भी जांच कर रही है।
इनका कहना है
शाम को पुराने विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई, जिसमें 75 वर्षीय बुजुर्ग घायल हुए हैं। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रीती विश्वकर्मा थाना प्रभारी
सिविल लाइन, सतना
