
इंदौर. क्षिप्रा थाना क्षेत्र के लसूडिया परमार स्थित जैन मंदिर से चोरी भगवान महावीर, आदिनाथ और अरहनाथ की अष्टधातु की तीन प्रतिमाएं पुलिस ने जमीन खोदकर बरामद कर लीं. मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. जांच में मंदिर के पास रहने वाले संतोष की वारदात में मुख्य भूमिका सामने आई है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं.
मांगलिया चौकी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की. मोहन और संतोष को पकड़कर पूछताछ की गई. मोहन की निशानदेही पर पुलिस ने अर्जुन के घर दबिश दी, जहां जमीन में गाड़ी गई तीनों प्रतिमाएं मिल गईं. संतोष मूल रूप से धार जिले के परेठा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में मंदिर के पास रह रहा था. उसने रेकी के बाद बाहर से बदमाश बुलाकर चोरी की योजना बनाई थी. आरोपियों ने अष्टधातु की प्रतिमाओं को सोने का समझकर चोरी किया था. पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है. मामले में पांच आरोपियों की भूमिका सामने आई है। दो पकड़े जा चुके हैं और तीन की तलाश जारी है. फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी देहात राजेंद्र कुमार वर्मा ने एसआईटी गठित की है.
