
इंदौर. शहर और आसपास के इलाकों में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सड़क हादसे में एक युवक गंभीर घायल हो गया. क्षिप्रा में गमी से लौट रहे पिता-पुत्र की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें पिता की मौत हो गई. वहीं हीरानगर में दो दिन से उल्टियां कर रहे युवक ने दम तोड़ दिया और खजराना में 66 वर्षीय बुजुर्ग ने फांसी लगाकर जान दे दी. संबंधित थानों की पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है.
पहली घटना में क्षिप्रा थाना क्षेत्र में मांगलिया टोल नाके के पास हादसे में शिव नगर मूसाखेड़ी में रहने वाले लालकृष्ण उम्र 48 साल की मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा रोहन गंभीर घायल है. दोनों भोपाल से गमी के कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से इंदौर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लालकृष्ण को मृत घोषित कर दिया, रोहन का इलाज चल रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों से टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटा रही है.
