विकास प्राधिकरण मल्टी सहित क्षेत्र के जरूरतमंदों के लिए लगाया शिविर

इंदौर. जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाने में नवभारत हमेशा सक्रिय रहा है. अखबार द्वारा इंदौर के वार्ड क्रमांक 50 (स्कीम नंबर 140, विकास प्राधिकरण मल्टी) के गरीब और मजदूर परिवारों की समस्याओं को लगातार उठाए जाने के बाद प्रशासन और स्थानीय पार्षद ने बड़ा कदम उठाया है.

क्षेत्र में बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग और गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार निवास करते हैं. रहवासी पिछले कई सालों से बिजली, पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे. साथ ही, उन्हें गरीबी रेखा (बीपीएल) राशन कार्ड, लाड़ली बहना योजना, वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था. नवभारत में खबरें छपने के बाद नगर निगम अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद ने मामले को संज्ञान में लिया. स्थानीय पार्षद की पहल पर रहवासियों को इन सभी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का तुरंत लाभ दिलाने के लिए एक एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया. पार्षद निगम टीम के साथ क्षेत्र में पहुंचे और अनाउंसमेंट कर लोगों को शिविर की जानकारी दी. झोन की पानी की टंकी पर लगाए गए इस विशेष शिविर में सैकड़ों हितग्राही पहुंचे और सुविधा अनुसार आवश्यक दस्तावेज जमा किए. अब देखना होगा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ कितनी जल्दी मिल पाता है.

यह बोले रहवासी…

सात माह पूर्व पति के गुजरने के बाद आर्थिक स्थिति लड़खड़ा गई है. छोटे-छोटे बच्चों का पोषण करने में दिक्कत आ रही है. मुझे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए.

– कुसुम बाई

क्षेत्र में अधिकांश जरूरतमंद लोग हैं, सरकार की योजना का लाभ मिलना चाहिए, जिसमें पेंशन एवं राशन योजना महत्वपूर्ण है. लोगों ने अपने दस्तावेज जमा किए हैं. निगम प्रशासन शीघ्र लाभ दिलाए.

– शकुंतला बाई

ऐसे शिविर लगातार लगना चाहिए. लाड़ली बहना और विधवा के साथ बुजुर्ग पेंशन पर भी ध्यान देना चाहिए, जो पात्र लोग इससे वंचित हैं, उन्हें शीघ्र लाभ देना चाहिए.

– गनु गांगले

डॉक्यूमेंट्स की जांच पूर्ण होते ही मिलने लगेगा योजनाओं का लाभ

सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले, इसके लिए निगम टीम के साथ एक दिवसीय शिविर लगाया गया. इसमें कई हितग्राहियों ने अपने डॉक्यूमेंट जमा किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. जांच पूर्ण होने पर शीघ्र ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा.

– राजीव जैन पार्षद

Next Post

आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल से पहले ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Thu Oct 8 , 2026
ग्वालियर। 10 अक्टूबर को होने वाली आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल से पहले ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला ग्वालियर ने आदेश जारी कर सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों और शहरी-ग्रामीण स्वास्थ्य संस्था प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सीएमएचओ ने पत्र […]

You May Like