70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता: दूसरे दिन भी देखने को मिला रोमांच, उज्जैन, सागर और ग्वालियर की टीमों का दबदबा

मंदसौर। एमआईटी टर्फ ग्राउंड एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंदसौर के खेल मैदान पर मध्य प्रदेश शासन द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी (बालक 14 वर्ष) प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन मैदान पर बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित हो रही इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर के सभी संभागों के साथ-साथ आदिवासी एवं जनजातीय कार्य विभाग की टीमें भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक एवं उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य के. सी. सोलंकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी घीसालाल जोगचंद तथा उत्कृष्ट विद्यालय क्र. 2 के प्राचार्य विजय सिंह पुरावत मंच पर विशेष रूप से आसीन रहे। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट ने उज्जैन एवं इंदौर संभाग की टीमों के खिलाड़ियों से औपचारिक परिचय प्राप्त कर और दोनों टीमों के मध्य टॉस करवाकर मुख्य मुकाबलों का विधिवत शुभारंभ किया।

दूसरे दिन मैदान पर कुल दस मुकाबले खेले गए, जिनमें कई टीमों ने एकतरफा और धमाकेदार जीत दर्ज की। दिन के पहले मुकाबले में उज्जैन ने रीवा को 13-0 के भारी अंतर से पराजित किया। दूसरे मैच में जबलपुर ने इंदौर पर 1-0 की संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में शहडोल ने भोपाल को 2-0 से हराया, जबकि चौथे मैच में जनजातीय कार्य विभाग की टीम ने नर्मदापुरम को 4-0 से शिकस्त दी। पांचवें मुकाबले में सागर की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए जबलपुर को 9-0 से मात दी। छठे मैच में इंदौर ने रीवा को 5-0 से हराया। सातवें मुकाबले में ग्वालियर ने नर्मदापुरम पर 8-0 से बड़ी जीत दर्ज की। आठवें मैच में भोपाल ने आदिवासी कार्य विभाग की टीम को 3-1 से पराजित किया। नौवें मुकाबले में जबलपुर ने रीवा को 8-0 से हराया और दसवें व अंतिम मैच में उज्जैन ने इंदौर को 5-0 से शिकस्त दी।

संस्कृत गुरु दिनेशदास बैरागी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ अब रोमांच और बढ़ गया है तथा कल से क्वार्टर फाइनल के कड़े मुकाबले शुरू होंगे। खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Next Post

4.06 लाख की एमडी और डोडाचूरा जब्त, 60 वर्षीय महिला गिरफ्तार

Wed Oct 7 , 2026
मंदसौर। नशा मुक्ति अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने मालीपुरा बायपास तिराहे पर कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) और 3 किलो 100 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत करीब 4 लाख 6 हजार 200 रुपए बताई गई है। पुलिस ने मामले में […]

You May Like