मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति की राह पर : शाह

नयी दिल्ली ,07 अक्टूबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ विनिर्माण, डिजिटल भुगतान, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में नयी ऊंचाइयां छू रहा है।

श्री शाह ने श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरा होने के मौके पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, “अथक परिश्रम, अद्भुत संकल्पशक्ति और राष्ट्र प्रथम को जीवन का लक्ष्य बनाने वाले श्री मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ। आज ही के दिन, सात अक्टूबर 2001 को श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। तब से लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सेवा, संघर्ष और समर्पण की यह यात्रा गरीबों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं का उत्थान और हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बन गयी है। ‘सेवा के 25 वर्ष’ में श्री मोदी ने जनकल्याणकारी नीतियों, उनके क्रियान्वयन, निर्णय की दृढ़ता, पारदर्शिता और परिणाम की गारंटी से शासन की परिभाषा ही बदल दी और ‘प्रदर्शन की राजनीति’ का आदर्श स्थापित किया।”

उन्होंने कहा, “श्री मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में भूकंप से उजड़े कच्छ का पुनर्निर्माण कर उसे एक मिसाल बनाया, ज्योतिग्राम योजना से गांव-गांव तक 24 घंटे बिजली पहुंचाई, सौर ऊर्जा और वाइब्रेंट गुजरात के माध्यम से निवेश और उद्योग को नयी दिशा दी तथा आठ प्रतिशत से अधिक कृषि विकास दर हासिल कर गुजरात में सुशासन का एक ऐसा मॉडल खड़ा किया, जो आगे चलकर पूरे देश का आधार बना। प्रधानमंत्री के रूप में इसी दृष्टि का विस्तार हुआ। अंतरिक्ष से समुद्र तक और वैश्विक मंचों से आंतरिक सुरक्षा तक भारत ने नई उपलब्धियां हासिल कीं। जन-जन के जीवन में भी बड़ा बदलाव आया। पच्चीस करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले और करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवर, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और घर-घर नल से जल पहुंचा।”

श्री शाह ने कहा, “श्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ विनिर्माण, डिजिटल भुगतान, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नयी ऊंचाइयां छू रहा है। युद्ध और अस्थिरता के इस दौर में भारत शांति तथा सौहार्द की एक महत्वपूर्ण वैश्विक आवाज बनकर उभरा है। श्री मोदी ने करोड़ों देशवासियों में आत्मविश्वास जगाकर ‘विकसित भारत’ का मंत्र दिया और 2047 तक हर क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने का संकल्प दिलाया। उनके नेतृत्व में सेवा कार्यों का भागीदार बनना हम सभी के लिए सौभाग्य और गौरव की बात है।”

 

 

Next Post

भू-जलस्तर बढ़ाने के लिए ग्रामीणों ने किया जतन

Wed Oct 7 , 2026
शाजापुर, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में संचालित सेवा मेरा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं वर्षा जल को रोकने के उद्देश्य से बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किया गया. विकासखंड मोहन बड़ोदिया के सेक्टर क्रमांक-4 सलसलाई अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मदाना द्वारा ग्राम पथरिया स्थित नाले पर […]

You May Like