
शाजापुर, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में संचालित सेवा मेरा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं वर्षा जल को रोकने के उद्देश्य से बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किया गया.
विकासखंड मोहन बड़ोदिया के सेक्टर क्रमांक-4 सलसलाई अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मदाना द्वारा ग्राम पथरिया स्थित नाले पर 50 बोरियों से बोरी बंधान कर जल संरक्षण का कार्य किया गया. ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए नाले के बहते पानी को रोकने के लिए बोरी बंधान तैयार किया. इस पहल से वर्षा जल को रोकने, भू-जल स्तर बढ़ाने तथा स्थानीय जलस्रोतों के संरक्षण में सहयोग मिलेगा. कार्यक्रम में जिला समन्वयक विष्णु प्रसाद नागर, ब्लॉक समन्वयक मुकेश सोलंकी, ग्राम पंचायत मदाना के सरपंच गोविंद मालवीय, परामर्शदाता महेश सिसोदिया, नवांकुर संस्था अध्यक्ष रामराज पुरबिया, दशरथ मालवीय, सुश्री शिवानी सिसोदिया एवं सुश्री रचना सिसोदिया सहित सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे. इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल है तो कल है एवं जल ही जीवन है का संदेश दिया गया.
जल संरक्षण आज की वर्तमान आवश्यकता
जिला समन्वयक विष्णु प्रसाद नागर ने कहा कि शाजापुर जिले में जल संरक्षण एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है. प्रत्येक सामाजिक कार्यकर्ता अपने-अपने गांव के नाले, नदी एवं छोटे जलस्रोतों पर कम लागत में बोरी बंधान जैसे कार्यों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाएं. मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं तथा सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों के सहयोग से जिले में जल संरक्षण के ऐसे कार्यों को व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा.
