जयपुर, 07 अक्टूबर (वार्त) राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नगरीय निकाय चुनाव में घबराहट और बौखलाहट में पुलिस प्रशासन को आगे करने का आरोप लगाते हुए दावा किया हैं कि पंचायत चुनाव में कांगेस की एक तरफा जीत होगी और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
श्री पायलट ने बुधवार को पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस वॉर रुम में हुई पार्टी की बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए यह दावा किया। उन्हाेंने कहा कि राजस्थान में हुए इन चुनावों में उन्हें कहने में कोई संकोच नहीं है कि नगर निकाय के जो चुनाव हुए हैं इसमें भाजपा जीत के भी हार गई और हम हारे हुए भी जीते हैं क्योंकि हमारा वोट ज्यादा है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तमाम पुलिस प्रशासन को सीधा निर्देशित किया गया कि पार्षदों को लेकर आना है। कोई जिला ऐसा नहीं है जहां से शिकायत नहीं आई। अभी तीन घंटे पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक बुलाई थी। हम सब वहां बैठे थे। एक-एक जिले पर चर्चा की गई है और कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं को सचेत करने का काम करना है। यहां हमेशा से ही ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा लेकिन इस बार प्रचंड बहुमत लेकर हम लोग रिकॉर्ड बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले यह पंचायत का अंतिम बड़ा चुनाव है। कांग्रेस सरकार की योजनाएं ठप कर दी गई हैं और जो हालात देश में बने हैं, नौजवानों और किसानों के साथ जो हो रहा है वह सबको पता है और आज राजस्थान में डीएपी खाद पुलिस के पहरे में बंट रही है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को इसकी कोई परवाह नहीं है और ये जोड़तोड़ से चुनाव आयोग की आड़ में धनबल से अपना बहुमत स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी ने बैठक में निर्णय लिया है कि मिलकर चुनाव लड़ेंगे और अच्छे लोगों को टिकट भी देंगे। पहली बार देखा गया है कि यह उच्च न्यायालय की लताड़ के बाद भाजपा को चुनाव मजबूरन कराने पड़ रहे है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जब हार दिख रही थी तो बॉर्डर पर पार्षदों को रोक लिया गया। अलग-अलग प्रदेशों की पुलिस को लगा दिया गया। ऐसा पहले किसी सरकार ने नहीं किया। हार जीत बहुत बड़ी बात नहीं है।
