औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अब छत्रपति संभाजी नगर

छत्रपति संभाजीनगर, 26 अक्तूबर (वार्ता) महाराष्ट्र के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन कर दिया गया है। यह परिवर्तन केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद लागू हुआ है।

दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के अंतर्गत आने वाला यह स्टेशन अब सभी रेलवे प्रणालियों और डाटाबेस में नए कोड ‘सीपीएसएन’ से पहचाना जाएगा।

मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार से शुक्रवार को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद नाम परिवर्तन की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब नए नाम और कोड को चरणबद्ध तरीके से सभी प्लेटफॉर्म संकेतों, समय-सारिणियों, आरक्षण प्रणालियों और डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों पर प्रदर्शित किया जाएगा।

यह प्रक्रिया 2022 में तब शुरू हुई थी, जब महाराष्ट्र सरकार ने औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर करने को मंजूरी दी थी। रेलवे स्टेशन का नाम बदलने के लिए गृह मंत्रालय, रेल मंत्रालय, भाषा विभाग और भू-नामकरण बोर्ड की स्वीकृति आवश्यक होती है, जो पिछले कुछ महीनों में प्राप्त की गई।

राज्य सरकार के इस निर्णय को लेकर पहले बंबई उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में याचिकाएं दाखिल की गई थीं, लेकिन दोनों अदालतों ने उन्हें खारिज कर दिया, जिससे नाम परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अब सभी तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं ताकि नया नाम ‘छत्रपति संभाजीनगर’ सभी आधिकारिक अभिलेखों, संकेतों और यात्री सूचना प्रणालियों में पूरी तरह लागू किया जा सके।

 

 

Next Post

भाजपा नेता पर हमले के दो आरोपी छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार

Sun Oct 26 , 2025
अनूपपुर। कोतमा नगर में भाजपा नेता मनमोहन ताम्रकार पर शुक्रवार की रात हुए हमले के दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आईटी सेल और साइबर टीम की मदद से आरोपियों का लोकेशन ट्रेस कर छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से कवर्धा जिले के कुकुर्द्ध थाना क्षेत्र […]

You May Like