राहुल की गिरफ्तारी से भड़की कांग्रेस, बालाघाट में मोदी का पुतला फूका 

बालाघाट, कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को बालाघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। जिला कांग्रेस कार्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जुलूस के रूप में हनुमान चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष लेकर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी”, “राहुल गांधी आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं” सहित जोरदार नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित इंडिया गठबंधन के सांसद लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने का समय मांग रहे थे, लेकिन उन्हें मिलने तक का अवसर नहीं दिया गया। “राहुल गांधी कोई व्यक्तिगत सवाल लेकर नहीं, बल्कि देश के करोड़ों मतदाताओं के अधिकार और उनके वोट की सुरक्षा का सवाल लेकर चुनाव आयोग के सामने खड़े हैं। संविधान ने विपक्ष को यह अधिकार दिया है कि वह जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सवाल पूछे, लेकिन सवालों का जवाब देने के बजाय राहुल गांधी की आवाज दबाने के लिए दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया और जिस तरह उनकी गिरफ्तारी की गई, वह लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है।”

श्याम पंजवानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि यदि जनता के वोट के अधिकार के साथ खिलवाड़ हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे।

उन्होंने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें दोहराते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, एसआईआर के दौरान काटे गए पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल पुनः जोड़े जाएं और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए।

श्याम पंजवानी ने कहा कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। “जितना सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करेगी, उतनी ही मजबूती से कांग्रेस लोकतंत्र की लड़ाई लड़ेगी। यह आंदोलन किसी एक दिन का आंदोलन नहीं है। पूरे देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के साथी चरणबद्ध तरीके से लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ते रहेंगे।”

पुतला दहन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस दौरान अनूप सिंह बैस, भीम फुलसुंगे, श्याम पंजवानी, वाहीद अल्ला रखा, जीतू बर्वे, शिवम शर्मा, शिवम विश्वकर्मा, शानू राय, रामसिंह भाटिया, डॉ. अमर बिसेन, एडवोकेट निखिल गौतम, डॉ. मुकेश वरकड़े, डॉ. दुर्गा वरकड़े, श्रीकृष्ण डिंगरू, नीटू कौशल, मधु चौकसे, श्रीमती पूजा, प्रतीक जैन, सीमा सिंह, पंकज बौद्ध, ऋषभ सहारे, पुष्पलता कुड़वार, शीला नगपुरे, संतोष बाहैश्वर, रिजवान भाई, साजिद खान, राजू बॉस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

पीएम श्री कन्या हाईस्कूल के छात्रों ने की प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी 

Wed Oct 7 , 2026
सिंगरौली । पीएम श्री शासकीय कन्या हाईस्कूल पंजरेह में करीब 9 लाख रूपये की क्रय की गई खेल सामग्री का मामला काफी गरमा गया है। प्राचार्य रामकृष्ण रजक के विरूद्ध अब छात्रों ने भी मोर्चा खोल दिया है। आज विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय परिसर में ही प्राचार्य के खिलाफ […]

You May Like