
सिंगरौली । पीएम श्री शासकीय कन्या हाईस्कूल पंजरेह में करीब 9 लाख रूपये की क्रय की गई खेल सामग्री का मामला काफी गरमा गया है। प्राचार्य रामकृष्ण रजक के विरूद्ध अब छात्रों ने भी मोर्चा खोल दिया है।
आज विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय परिसर में ही प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की है। वहीं डीईओ ने प्राचार्य का प्रभार छीन लिया है। दरअसल आरोप है कि पीएम श्री विद्यालय कन्या पंजरेह में खेल सहित अन्य सामग्री क्रय के लिए लाखों रूपये मिले थे, जिसमें 9 लाख रूपये खर्च कर दिये गये और मौके पर सामग्री नही थी। डीईओ सिंगरौली कविता त्रिपाठी ने जांच दल बनाया। सूत्र बताते हैं कि जांच टीम पहले दिन गई तो प्रभारी प्राचार्य अवकाश पर चले गये और जब दोबारा जांच टीम पहुंची तो भौतिक सत्यापन के दौरान कई सामग्रियां नही मिली और न बच्चों को सामग्री दी गई। सूत्र बताते हैं कि जब मामला गरमाया तो रातोरात सामग्री खरीदी कर बंद रूम में रखी गई। जबकि क्रय समिति के प्रस्ताव अनुसार सामग्री क्रय किया जाना था, परंतु आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य ने मनमानी रूप से स्वयं के ही आईडी का उपयोग कर सामग्री क्रय कर ली गई। जानकारी है कि डीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुये जांच प्रतिवेदन संयुक्त संचालक शिक्षा रीवा के यहां अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। इधर आज सुबह विद्यालय के छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है।
इनका कहना:-
शिकायत मिली थी, जांच कराई गई है। प्रभारी प्राचार्य का प्रभार छीन कर शाउमा विद्यालय पंजरेह के प्राचार्य को सौपा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
कविता त्रिपाठी
डीईओ, सिंगरौली।
