नर्मदापुरम: समेरिटंस विद्यालय सांदीपनी परिसर में बुधवार का दिन विद्यालय में सेवा कार्य करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के नाम रहा। संस्था के लिए उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों के प्रति आभार प्रदर्शन करने के उद्देश्य से आयोजित ‘आभार उत्सव‘ अपने आप में अनूठा था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही रहे। सबसे पहले सभी कर्मचारियों भृत्य, बस चालक, परिचालक, माली, बिजली, जल व्यवस्था एवं अन्य कार्य करने वाले कर्मचारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। बाद में उन्हें अंग वस्त्र, पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। आयोजन दिवस के अवसर पर विद्यालय में सफाई से लेकर कुर्सियां लगाने और उठाने का काम प्राचार्य सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा किए गए। सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित किए जाने के साथ ही उनके लिए खेल एवं अन्य मनोरंजक स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बाद में उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर डायरेक्टर डाॅ आशुतोष कुमार शर्मा ने कहा कि संस्था में कार्य करने वाला हर सदस्य महत्वपूर्ण होता है। किसी भी एक व्यक्ति के बिना संस्था की उन्नति की कल्पना नहीं की जा सकती। हालांकि सेवा कार्य करने वाले व्यक्ति सर्वाधिक महत्वपूर्ण होते हैं। उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना हमारा दायित्व है। यह कार्यक्रम उनकी सेवा और समर्पण के लिए ही रखा गया है।
प्राचार्य श्रीमती प्रेरणा रावत ने कहा कि विद्यालय में कार्य करने वाले भृत्य, बच्चों को प्रतिदिन पूरी जिम्मेदारी से लाने ले जाने वाले वाले ड्राइवर और कंडक्टर, बिजली-पानी की आपूर्ति की व्यवस्था करने वाले सदस्यों के योगदान को कभी कमतर नहीं आंका जा सकता। अक्सर उनके योगदान को हम अनदेखा कर देते हैं। यही लोग हैं, जो सबसे पहले संस्था में आते हैं और संस्था में कार्य करने के लिए स्वच्छ वातावरण बनाते हैं और सबसे बाद में जाते हैं। हम उनके प्रति हृदय से आभारी हैं। यह आयोजन एक औपचारिकता न होकर पूरी निष्ठा से उनके प्रति समर्पित है।
कार्यक्रम का आभार व्यक्त करते हुए प्रमोद शर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति में सेवा कार्य को करने वालों को सबसे उच्च स्थान प्राप्त रहा है। सेवा के माध्यम से ही लोगों को समाज में यश, सम्मान और आदर मिलता रहा है। सेवा करने वाले लोग भगवान कृष्ण, हनुमान और माता शबरी की भाव परंपरा को निभाने वाले लोग हैं। समाज को इनके प्रति सदैव कृतज्ञ होना चाहिए।
हुए खेल आयोजन
कार्यक्रम में इन सेवाभावी लोगों के लिए विभिन्न प्रकार की खेल, नृत्य और गायन की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन आयोजनों में लोगों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। अंत में सभी को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन अंजू तिवारी और सिम्मी झा ने किया। कार्यक्रम में सभी शाखा प्रभारियों और शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।
