मेडिकल कॉलेज मार्ग निर्माण को मिली रफ्तार लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ निर्माण

सिंगरौली:मेडिकल कॉलेज तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को बड़ी पहल हुई। बरगवां-बैढ़न मार्ग से नौगढ़ होते हुए मेडिकल कॉलेज तक बनने वाले 2.60 किलोमीटर लंबे मार्ग का विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। भूमिपूजन कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सड़क निर्माण के सफल एवं समयबद्ध पूर्ण होने की कामना की गई।
सड़क निर्माण पर 1194.82 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। यह कार्य जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ), सिंगरौली के अंतर्गत कराया जा रहा है। मार्ग बनने के बाद नौगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से मेडिकल कॉलेज तक पहुंच आसान होगी। विशेष रूप से मरीजों, विद्यार्थियों और प्रतिदिन आवागमन करने वाले नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने के बाद वहां तक सुगम आवागमन के लिए बेहतर सड़क की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही थी। सड़क निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे और अब निर्माण कार्य शुरू होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय सहित सुमित एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद से ही विधायक द्वारा इस मार्ग के निर्माण के लिए लगातार पहल की जा रही थी। अब भूमिपूजन के साथ कार्य शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है।

Next Post

भारत-घाना के बीच दो अहम समझौते, कृषि और वैज्ञानिक रिसर्च में साथ काम करेंगे

Wed Oct 7 , 2026
अकरा। विदेश मंत्री एस. जयशंकर की घाना यात्रा के दौरान भारत और घाना ने दो MoU पर हस्ताक्षर किए। पहला समझौता जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और यूनिवर्सिटी ऑफ घाना के बीच एकेडमिक रिसर्च और क्षमता निर्माण को लेकर है, दूसरा ICAR और घाना के CSIR-क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट के बीच कृषि […]

You May Like