जबलपुर:मदनमहल थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर डिजिटल भिखारी नाम की आईडी से समाजसेवी हर्ष तिवारी की छवि धूमिल करने के लिए ए आई से उनकी फर्जी और भ्रामक वीडियो बनाकर वायरल की जा रही थी। पुलिस ने शिकायत के बाद 3 मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार, राइट टाउन निवासी श्रेयांश बिल्थरे (31) ने शिकायत में बताया गया कि इंस्टाग्राम पर एक आईडी और यूजर आईडी डिजीटल भिखारी द्वारा समाजसेवी हर्ष तिवारी के नाम, चेहरे और पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।
आरोपियों ने आधुनिक ए आई तकनीक का इस्तेमाल कर हर्ष तिवारी के भ्रामक और फर्जी वीडियो तैयार किए और उन्हें इंटरनेट पर प्रसारित कर दिया। इन फर्जी वीडियो को सोची-समझी साजिश के तहत समाज में फैलाया गया, ताकि आम जनता के बीच हर्ष तिवारी को लेकर भ्रम और गलत धारणा पैदा हो। इस पूरी हरकत का मुख्य मकसद उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और साफ-सुथरी छवि को पूरी तरह से धूमिल करना था। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उक्त इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को इस फर्जीवाड़े से जुड़े 3 संदिग्ध मोबाइल नंबरों का सुराग मिला। पुलिस ने तीनों मोबाइल नंबरों के धारकों को आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
