आरएमएस डाकघर के सामने स्टैंड शुल्क वसूली का विरोध

जबलपुर:पश्चिम मध्य रेलवे मुख्य स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 के बाहर स्थित आरएमएस डाकघर आने वाले नागरिकों से वाहन स्टैंड शुल्क लिए जाने और डाक-पार्सल के लिए केवल ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था के विरोध में दुर्विवि छात्र परिषद के संयोजक अधिवक्ता धीरज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन संभागीय उपायुक्त एल.एल. चिन्नण्या के माध्यम से तथा अधीक्षक रेल डाक सेवा (एसआरएम) पी.एन. सिंगोरे को दिया गया।

धीरज सिंह ठाकुर ने कहा कि डाक या पार्सल भेजने के लिए कुछ समय के लिए आरएमएस आने वाले नागरिकों से भी स्टैंड शुल्क लिया जा रहा है, जबकि उनका स्टेशन के अंदर जाने का कोई उद्देश्य नहीं होता। इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, वकीलों सहित आम नागरिकों को अनावश्यक आर्थिक भार उठाना पड़ रहा है। आरएमएस में डाक शुल्क के लिए नगद भुगतान की सुविधा भी बंद कर केवल ऑनलाइन भुगतान किए जाने से परेशानी बढ़ गई है। ज्ञापन में आरएमएस के सामने से वाहन स्टैंड हटाने और डाक शुल्क के लिए ऑनलाइन के साथ नगद भुगतान की सुविधा फिर शुरू करने की मांग की गई।

धीरज सिंह ठाकुर ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान दीपक सिंह राजपूत, मनीष चौकसे, गया प्रसाद धुर्वे, अधिवक्ता सुरेंद्र पटेल, सौरभ पटेल, नोखेलाल बरकड़े, आकाश सोनकर, रामकुमार मरावी, अशोक प्रजापति, अधिवक्ता अखिलेश सिंह, आयुष सोनकर, एस.के. मिश्रा, नरेश मंध्यानी, दिनेश भोजवानी, अभिषेक सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Next Post

नवी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान, पुणे, बोरीवली, दादर से शुरू होगी बस सेवा

Tue Oct 6 , 2026
नवी मुंबई, (वार्ता) अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड द्वारा संचालित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आगामी विंटर शिड्यूल के लिए सड़क संपर्क का विस्तार कर रहा है ताकि यात्रियों के लिए एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो सके। अडानी एयरपोर्ट्स ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 25 अक्टूबर 2026 […]

You May Like