बिलासपुर, 12 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए खुद की तुलना असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा से करने से इनकार किया।
श्री बघेल ने दावा किया,“उन्हें भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने इसे सिरे से ठुकरा दिया।” श्री बघेल के अनुसार भाजपा भयादोहन की राजनीति कर रही है और जो नेता इस दबाव में पार्टी में शामिल हो गए, उनके खिलाफ चल रही जांच और मामले बंद कर दिए गए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,“मुझे भी उम्मीद की जा रही थी कि मैं भाजपा में चला जाऊं, शरणागत हो जाऊं, लेकिन यह मुमकिन नहीं। जो डरने वाले थे, वे शरणागत हो गए।” उन्होंने इसे लोकतंत्र और राजनीतिक स्वतंत्रता के लिए खतरनाक प्रवृत्ति करार दिया।
श्री बघेल का यह बयान उस समय आया है जब हाल ही में कई विपक्षी नेता भाजपा में शामिल हुए हैं और उनके खिलाफ की जा रही कानूनी कार्रवाई ठप पड़ गई है।
