
ब्यावरा। नेशनल हाईवे स्थित सिविल अस्पताल चौराहे पर सोमवार दोपहर विवाद के बाद एक कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी. कार चालक ने बाइक को तीन बार टक्कर मारी. इसके बाद सडक़ पर गिरी बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीट दिया. हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए. इनमें एक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया. घटना के बाद आरोपी कार को हाईवे पर छोडक़र फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार गोपाल दांगी (30) और मुकेश शाक्यवार की सोमवार दोपहर सिविल अस्पताल के पास विनोद शाक्यवार से कहासुनी हो गई थी. बताया जा रहा है कि इनके बीच पहले से भी विवाद चल रहा था. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद गोपाल और मुकेश बाइक से हाईवे के रास्ते अपनी दुकान की ओर जाने लगे. इसी दौरान विनोद ने पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
