इंदौर: सांची दूध संघ से जुड़े दूध उत्पादकों को लंबे समय से लंबित 12 करोड़ रुपए बोनस एवं 15 करोड़ लाभांश की राशि मिलने पर भारतीय किसान एवं मजदूर सेना ने इसे किसानों के संघर्ष की बड़ी जीत बताया है.अध्यक्ष बबलू जाधव ने कहा कि संगठन ने गांव-गांव अभियान चलाकर 150 से अधिक सांची डेयरियों से ज्ञापन दिलवाए और किसानों की आवाज मजबूती से उठाई.
इस अभियान में प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र पटेल, प्रदेश सचिव चंदनसिंह बड़वाया, जिला अध्यक्ष प्रवीण ठाकुर एवं सुभाष राठौर सहित संगठन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. जाधव ने कहा कि बोनस और लाभांश किसानों का हक है, कोई खैरात नहीं. अब संगठन की दो प्रमुख मांगें बाकी हैं- दूध का भाव 12 रुपए प्रति फैट किया जाए और 5 रुपए प्रति लीटर बोनस की घोषणा को तत्काल लागू किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो सांची दूध संघ के खिलाफ पक्का मोर्चा लगाया जाएगा. किसानों के हक की लड़ाई अब और मजबूती से लड़ी जाएगी.
