मुर्मु ने रेलवे के परिवीक्षाधीन अधिकारियों , केंद्रीय इंजीनियरिंग सेवा के सहायक कार्यकारी इंजीनियरों को किया संबोधित

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (वार्ता) भारतीय रेलवे के परिवीक्षाधीन अधिकारियों (2022 और 2023 बैच) और केंद्रीय इंजीनियरिंग सेवा (सड़क) के सहायक कार्यकारी इंजीनियरों (2021, 2022, 2023 और 2024 बैच) ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति ने इन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे देश के विकास के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर सार्वजनिक सेवा में शामिल हुए हैं, जबकि देश विकसित राष्ट्र बनाने के सामूहिक लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने उन्हें उनकी महती जिम्मेदारियां का ध्यान कराते हुए कहा कि भारतीय रेलवे और केंद्रीय इंजीनियरिंग सेवा (सड़क) के युवा अधिकारी होने के नाते, वे ऐसी भूमिकाओं में कदम रख रहे हैं, जो लाखों नागरिकों के जीवन को सीधे प्रभावित करती हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्णय और कार्य नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता पर सीधा और दीर्घकालिक प्रभाव डालेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि अवसंरचना ही आधुनिक राष्ट्रों की नींव है। रेल और राजमार्ग केवल परिवहन के साधन नहीं हैं, वे आर्थिक विस्तार, सामाजिक समावेशन और राष्ट्रीय एकता के उपकरण हैं। जब कोई ट्रेन किसी दूरदराज के गांव तक पहुंचती है या कोई राजमार्ग किसी दूरस्थ क्षेत्र से जुड़ता है, तो इससे उन क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास के अपार अवसर खुल जाते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि मजबूत अवसंरचना लॉजिस्टिक्स लागत को कम करता है, व्यापार को बढ़ावा देता है, निवेश आकर्षित करता है और उत्पादकता बढ़ाता है। यह क्षेत्रों और लोगों को करीब लाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है। उन्होंने अधिकारियों को याद दिलाया कि केवल आंकड़े ही सफलता का पैमाना नहीं होते। उनके काम की असली कसौटी यह है कि इससे लोगों के जीवन में कितना सुधार होता है।

श्रीमती मुर्मु युवा अधिकारियों से सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता जैसे लोक सेवा के मूल्यों को बनाये रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चुनौतियां और कठिन निर्णय लेने के क्षण अवश्य आएंगे। ऐसे क्षणों में, उनके मूल्य ही उनका मार्गदर्शन करेंगे। राष्ट्रपति ने उन्हें हमेशा जिज्ञासु बने रहने, सीखते रहने और नवाचार को बढ़ावा देने की सलाह दी। राष्ट्रपति ने अधिकारियों को इस बात के लिए प्रेरित किया कि वे केवल प्रशासक ही नहीं, बल्कि प्रगति के सूत्रधार और आम लोगों के भरोसे के संरक्षक भी हैं।

 

 

Next Post

5 लाख नकद, गोल्ड, गाडी की डिमांड कर महिला को घर से निकाला

Mon Apr 20 , 2026
जबलपुर:माढ़ोताल थाना अंतर्गत सुधासागर बिहार कॉलोनी निवासी दहेज लोभी पति, सास ने पांच लाख रूपए नकद, गोल्ड और गाडी की डिमांड पूरी न होने पर महिला को घर से निकाल दिया। पीडि़त ने अब थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस के मुताबिक रविवार को राजनंदनी कोरी 25 वर्ष देवनगर गोसलपुर ने […]

You May Like