
छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र स्थित विद्यापूरा देरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घर पर आग तापते समय अचानक साड़ी में आग लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
मृतका की पहचान सोना बाई अहिरवार (55) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे वह घर के बाहर आग ताप रही थीं, तभी कपड़ों में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां बर्न वार्ड में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन हालत अधिक बिगड़ने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
