जबलपुर: परिवहन विभाग ने शहर में स्कूल बसों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा के नेतृत्व में संभागीय परिवहन सुरक्षा उड़नदस्ता टीम ने सघन जांच की। जांच के दौरान कई स्कूलों की बसों में जरूरी दस्तावेजों की कमी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई गई। कार्रवाई करते हुए माउंट लिट्रा जी स्कूल की 12 बसें, रियान इंटरनेशनल स्कूल (शांतिनगर) की 5 बसें और सेंट जेवियर स्कूल (गुप्तेश्वर) की 2 बसें जब्त की गईं।
हालांकि, इन बसों को सुपुर्दनामा पर छोड़ा गया।प्रभारी राजेंद्र साहू ने स्कूल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि सभी बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, अन्यथा आगे और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाही के दौरान प्रभारी राजेंद्र साहू, उप निरीक्षक अक्षय पटेल, परिवहन आरक्षक इम्तियाज हुसैन, पीयूष मरावी, आशुतोष मोघे, उमाशंकर उपाध्याय, अशोक खार्पडे और निमिषा तिवारी सहित पूरी टीम मौजूद रही।
