सरई: नगर परिषद सरई में विकास कार्यों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर के सड़क किनारे पेवर ब्लॉक लगाने के लिए करीब एक वर्ष पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बाद ठेकेदार द्वारा पेवर ब्लॉक लाकर सरई थाने के समीप रख दिए गए, लेकिन लंबे समय बाद भी इनका उपयोग नहीं हो सका है।
सामग्री आज भी खुले में पड़ी है और धूल, धूप तथा बारिश के बीच खराब होने की आशंका बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद की योजना के तहत सड़क के दोनों किनारों पर पेवर ब्लॉक लगाए जाने थे। टेंडर होने के बाद सामग्री भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन कार्य शुरू नहीं हुआ। यदि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण काम बाधित था तो टेंडर से पहले स्थल की स्थिति स्पष्ट किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक वर्ष तक निर्माण सामग्री का यूं पड़े रहना नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
लोगों का यह भी सवाल है कि जब काम समय पर शुरू नहीं होना था तो सामग्री पहले ही मौके पर क्यों मंगाई गई। नगरवासियों ने मामले में टेंडर की शर्तों, कार्यादेश, भुगतान और वर्तमान स्थिति की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर यह स्पष्ट करें कि कार्य में देरी का वास्तविक कारण क्या है और लंबे समय से पड़ी सामग्री की जिम्मेदारी किसकी है।
