मथुरा में ट्रेस हुई रिटायर्ड IAS के हत्यारोपी केयरटेकर की लोकेशन, 30 हजार का इनाम; 150 पुलिसकर्मी तलाश में जुटे

भोपाल। रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में फरार केयरटेकर वरुण कुमार की तलाश में पुलिस को अहम सफलता मिली है। भोपाल रेलवे स्टेशन से लेकर उत्तर प्रदेश तक सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने वरुण की लोकेशन मथुरा में ट्रेस की है। जांच के मुताबिक हत्या के बाद वरुण भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचा और तड़के करीब 3.55 बजे के आसपास वहां से रवाना हुआ। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों को जोड़कर पुलिस ने उसके भागने का पूरा रूट तैयार किया। वह पहले आगरा पहुंचा और वहां से सड़क मार्ग से मथुरा गया।

लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस की टीमें मथुरा पहुंच चुकी हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन और दबिश दे रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। उसकी तलाश का दायरा मध्यप्रदेश से बाहर बढ़ाते हुए राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब तक किया गया है। इस पूरे ऑपरेशन में करीब 150 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।

पुलिस वरुण के रिश्तेदारों, दोस्तों, पुराने संपर्कों और संभावित पनाहगारों से जानकारी जुटा रही है। अब तक 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें मृतक के परिचित, घरेलू स्टाफ, वरुण के संपर्क में रहे लोग और परिवार से जुड़े लोग शामिल हैं। पटियाला में रहने वाली वरुण की बहन से भी पूछताछ हुई है। पुलिस के मुताबिक वरुण करीब पांच महीने से अपनी बहन के संपर्क में नहीं था।

जांच में यह भी सामने आया है कि राकेश अग्रवाल से जुड़े एक करोड़ रुपए से ज्यादा के पुराने लेन-देन विवाद की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस विवाद से जुड़े किसी कोर्ट केस या संभावित गवाही का हत्या से कोई संबंध था या नहीं। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह को लेकर किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है।

बता दें कि 30 सितंबर को रातीबड़ के सूरज नगर में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल का शव मिला था। इसके दो दिन पहले ही नौकरी पर आया केयरटेकर वरुण गायब हो गया था। राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या की गई थी। घटना के बाद CCTV फुटेज में वरुण बैग लेकर जाते दिखाई दिया था। पुलिस के मुताबिक वह मृतक का मोबाइल भी अपने साथ ले गया था, जिसे बीना में कुछ समय के लिए ऑन किया गया और फिर बंद कर दिया गया। घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिलने के कारण शुरुआती जांच में लूट के लिए हत्या की आशंका जताई गई थी, हालांकि हत्या के तरीके को देखते हुए पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

पांच दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मथुरा में उसकी लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस की तलाश लगातार जारी है और संभावित ठिकानों पर टीमें दबिश दे रही हैं।

Next Post

मोरवा के विकास को लेकर विधायक रामनिवास शाह के सख्त तेवर

Sun Oct 4 , 2026
सिंगरौली। मोरवा क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विधायक ने कहा कि मोरवा के विकास कार्यों में लगातार देरी हो रही है और जिम्मेदार अधिकारी गंभीर नहीं हैं। उन्होंने दो टूक कहा, “कलेक्टर और कमिश्नर काम […]

You May Like