जबलपुर:गोरखपुर थाना अंतर्गत आदर्श नगर में रहने वाली एक महिला डॉक्टर के घर में सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे को ही साइबर अपराधी ने हैक कर लिया। हैकर न सिर्फ उनके लिविंग एरिया में लगे कैमरे के जरिए न केवल घर की लाइव निगरानी की बल्कि उसने कैमरे के इन-बिल्ट स्पीकर के जरिए डॉक्टर से बात की और उन्हें धमकी भी दी। कैमरे से पहले बच्चे की आवाज सुनाई थी बाद में हैकर ने धमकी दी थी। पीडि़त डॉक्टर ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम सेल और पुलिस थाने में दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार आदर्श नगर में रहने वाली डॉ. प्राची सक्सेना ने अपने घर की सुरक्षा के लिए कुछ साल पहले सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। बीते दिनों उनके लिविंग एरिया में लगे कैमरे से अचानक अजीबोगरीब आवाजें आने लगीं। जब डॉक्टर ने ध्यान लगाकर होकर सुना, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कैमरे से किसी बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। इसके तुरंत बाद कैमरे के जरिए एक अज्ञात शख्स ने उनसे बात की और उन्हें सीधे तौर पर धमकाया। तब जाकर डॉक्टर को एहसास हुआ कि उनका पूरा घर किसी अनजान हैकर के नियंत्रण में है।
गड़बड़ी की आशंका होने पर डॉक्टर ने तुरंत अपने मोबाइल से इस पूरी घटना और आवाज का वीडियो रिकॉर्ड करना चाहा। लेकिन हैकर इतना शातिर था और घर पर इस कदर नजर रखे हुए था कि जैसे ही डॉक्टर मोबाइल लेकर कैमरे के पास जातीं, आवाज आना बंद हो जाती। खतरा भांपते हुए डॉक्टर ने तुरंत सूझबूझ दिखाई उन्होंने कैमरे को कपड़े से ढक दिया और किसी को बिना बताए सिस्टम का इंटरनेट कनेक्शन (पावर) काट दिया।
पांच साल से नहीं बदले थे पासवर्ड
डॉ. प्राची सक्सेना ने पिछले 5 सालों से अपने सीसीटीवी कैमरों का पासवर्ड नहीं बदला था। इंस्टॉल करते वक्त जो डिफॉल्ट पासवर्ड था, वही सालों से चल रहा था। हैकर्स ने इसी कमजोर कड़ी का फायदा उठाया और आईपी एड्रेस के जरिए कैमरे में सेंध लगा दी। अब डॉक्टर ने अन्य लोगों को इस खतरे के प्रति जागरूक करने के लिए एक वीडियो भी शेयर किया है। विदित हो कि भी डिवाइस इंटरनेट और आईपी एड्रेस पर काम करती है चाहे वह सीसीटीवी हो, मोबाइल, स्मार्ट टीवी हो या राउटर उसमें हैक होने की संभावना हमेशा बनी रहती है। हैकर्स से बचने के लिए कैमरा लगते ही कंपनी का दिया हुआ पासवर्ड तुरंत बदल दें। हर 3 से 6 महीने में अपने सभी डिजिटल उपकरणों के पासवर्ड बदलते रहें।
