त्योहारों से पहले पुलिस की रातभर दबिश, 315 बदमाशों पर कार्रवाई

इंदौर. आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार रात से रविवार सुबह तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया. चारों जोन में हुई कार्रवाई के दौरान 315 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 113 वारंट तामील कराए गए. शराब पीकर वाहन चलाने वाले 106 चालकों पर भी कार्रवाई की गई. पुलिस ने ड्रोन से निगरानी के साथ होटल, लॉज, ढाबों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी जांच की.

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश पर भी जोर दिया. पुलिस ने 26 स्थायी, 30 गिरफ्तारी और 57 जमानती वारंट तामील कराए. आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 61 लोगों पर कार्रवाई की गई. सक्रिय बदमाशों को थाने बुलाकर उनके डोजियर भरवाए गए और दोबारा अपराध नहीं करने की हिदायत दी गई. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई. अवैध हूटर लगाकर घूम रहे एक वाहन और ब्लैक फिल्म लगे 34 चार पहिया वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर हूटर और फिल्म हटवाई गई. दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों की भी जांच की गई. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ दो प्रकरण दर्ज किए. भंवरकुआं पुलिस ने एक आरोपी को अवैध चाकू के साथ पकड़ा, जबकि चोरी की बाइक के साथ भी एक बदमाश को गिरफ्तार किया. डीसीपी अमन सिंह राठौर का कहना है कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाई गई है. रात में चेकिंग और पेट्रोलिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वालों और अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

महिला सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में निगरानी…

महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘सीक्रेट मिडनाइट’ अभियान चलाया. गांधी नगर एसीपी के नेतृत्व में राऊ क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने सादे कपड़ों में घूमकर मनचलों और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी. संवेदनशील इलाकों, अपराध संभावित क्षेत्रों और सुनसान स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की गई. पुलिस ने पैदल गश्त कर निगरानीशुदा बदमाशों, चाकूबाजों, लुटेरों और जिलाबदर अपराधियों की भी जांच की. लोगों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.

Next Post

210 फीट गहराई में उतरे स्कूबा डाइवर, झूला पुल के नीचे नर्मदा का निरीक्षण

Sun Oct 4 , 2026
ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में पहली बार मां नर्मदा की गहराई का प्रोफेशनल स्कूबा डाइविंग के जरिए निरीक्षण किया गया। भोपाल की पायनियर वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने झूला पुल के नीचे डाइविंग की। PADI गाइड मास्टर इंस्ट्रक्टर यासिर हसीब करीब 210 फीट गहराई तक गए और टॉर्च की मदद से नदी […]

You May Like