भोपाल। बिलखिरिया इलाके में एक निजी कॉलेज में इंजीनीयरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्र की उसके सीनियर ने बेरहमी से पिटाई कर दी. शनिवार को पीड़ित ने नेशनल एंटी रैगिंग हेल्पलाइन नंबर पर मामले की शिकायत दर्ज कराई. मामले की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक 19 वर्षीय पीड़ित छात्र ने पुलिस को बताया कि वह प्रथम वर्ष इंजीनियरिंग की पढ़ाई उसी कॉलेज में करता है. उसके सीनियर छात्र ने अपने दोस्तों के साथ दबंगाई दिखाते हुए उस पर डंडों से जानलेवा हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया. पीड़ित ने बताया कि वह गुरुवार को कालेज की कैंटीन में था, तभी आरोपी सीनियर छात्र अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा. पीड़ित का आरोप है कि आरोपी छात्रों ने उससे रंगदारी दिखाते हुए थप्पड़ जड़े. मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराया. इसके कुछ देर बाद जब पीड़ित अपनी क्लास से बाहर निकला तो आरोपी सीनियर छात्रों उसे घेर लिया. आरोप है कि सीनियर ने इस दौरान पीड़ित छात्र पर अचानक पीछे से डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट लगी. पीड़ित के दो दोस्त मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया तो आरोपी धमकाते हुए वहां से चले गए. पीड़ित ने पुलिस के साथ ही एंटी रैगिंग हेल्पलाइन नंबर पर भी मामले की शिकायत दर्ज कराई है.
