मास्को, 04 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि रूस और भारत ने अपने संबंधों को “विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक बढ़ा दिया है।
मंत्रालय ने शनिवार को टेलीग्राम पर कहा, “तीन अक्टूबर 2000 को रूस और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी की घोषणा पर हस्ताक्षर किए गए थे। तब से, रूसी-भारतीय सहयोग एक विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के उच्च स्तर तक पहुंच गया है।”
बयान में कहा गया है कि यह दस्तावेज़ दो से पांच अक्टूबर, 2000 के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित किया गया था। मंत्रालय ने कहा, “भारत रूस का एक पुराना और भरोसेमंद साझेदार है। दशकों से हमारे दोनों देशों के बीच भरोसे पर आधारित दोस्ताना संबंध रहे हैं।”
मंत्रालय ने कहा कि ये देश अंतरराष्ट्रीय संबंधों में लोकतंत्रीकरण की वकालत करते हैं और मुख्य रूप से जी20, संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स और एससीओ जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग बढ़ा रहे हैं। मंत्रालय ने पांच दिसंबर, 2025 को नयी दिल्ली में रूस और भारत के बीच हुई बातचीत के बाद राष्ट्रपति पुतिन की उन टिप्पणियों को भी याद किया, जिनमें उन्होंने कहा था कि रूस और भारत स्वतंत्र एवं स्वायत्त विदेश नीतियां अपनाते हैं।
