मयार नदी में बोलेरो पलटी, चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया

सिंगरौली: मयार नदी, वीजपुर मार्ग पर तीन नंबर गेट से पहले 26 नंबर गेट के सामने देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर मयारनदी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार करीब चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी घायलों को देर रात उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बताए जाने की जानकारी सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ के जवान, ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। बाद में बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची।स्थानीय लोगों द्वारा दावा किया जा रहा है कि बोलेरो में शराब भरी हुई थी और उसे कहीं सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि, वाहन में शराब होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यह पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि तीन नंबर गेट के आसपास आए दिन वाहनों की चेकिंग की जाती है, लेकिन घटना के समय चेकिंग नहीं हो रही थी। हादसे के बाद मौके पर यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।फिलहाल पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा दुर्घटना के कारणों तथा बोलेरो में किसी प्रतिबंधित सामग्री के परिवहन की बात की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

एशियाड की विजेता महिला हॉकी खिलाड़ी इशिका चौधरी के घर मना जश्न

Sat Oct 3 , 2026
ग्वालियर:एशियाड खेलों की विजेता महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी इशिका चौधरी के ग्वालियर स्थित घर पर परिजनों ने जमकर जश्न मनाया। 44 साल बाद महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है। टीम में ग्वालियर की हॉकी खिलाड़ी इशिका चौधरी भी शामिल हैं। लोगों ने उनके घर […]

You May Like