नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चीनी की औसत कीमत में नरमी देखी गयी। चीनी के साथ चावल का भाव भी उतर गया। गेहूं में टिकाव रहा, जबकि दालों और खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 27 रुपये टूटकर 5,102 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। वहीं, गुड़ की कीमत 47 रुपये बढ़कर 5,946 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 33 पैसे घटकर 55.29 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 81 रुपये गिरकर 4,109 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 2,889 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे का भाव 22 रुपये चढ़ गया। दाल-दलहनों में मसूर दाल की औसत कीमत 64 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गई। तुअर दाल 30 रुपये और उड़द दाल 13 रुपये महंगी हुई। वहीं, मूंग दाल 34 रुपये और चना दाल 18 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज पाम ऑयल का दिसंबर वायदा 21 रिंगिट टूटकर 4,533 रिंगिट प्रति टन रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ 67.82 सेंट प्रति पौंड बोला गया। स्थानीय बाजार में सूरजमुखी तेल औसतन 79 रुपये और मूंगफली तेल 72 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। पाम ऑयल 63 रुपये और सोया तेल 17 रुपये फिसल गया। वनस्पति की कीमत 80 रुपये और सरसों तेल की 30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी।

