
नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि महंगाई केवल बाजार के आंकड़ों में नहीं बढ़ रही, बल्कि इसका असर हर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार की रसोई पर पड़ रहा है। श्री रमेश ने कहा कि त्योहारों के मौसम में पिछले तीन महीनों में रसोई का बजट 25 प्रतिशत तक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि एक गृहिणी के मुताबिक 35,000 की मासिक आय में घर का खर्च संभालना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंदाजा है कि सीमित आय वाले परिवार बढ़ती महंगाई के बीच अपना बजट कैसे संभाल रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि अरहर दाल 105 रुपए से बढ़कर 140-150 रुपए किलो, मूंग 95 रुपए से 120, चावल 42-45 से 53-55 और सरसों तेल 165 रुपए प्रति लीटर से 190 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार अगस्त में खाद्य महंगाई 5.95 प्रतिशत रही, जबकि प्याज 48.27 प्रतिशत, अदरक 73.82 प्रतिशत और लहसुन 43.60 प्रतिशत महंगा हुआ।
उन्होंने कहा कि बढ़ते खर्च के साथ घरेलू बचत घट रही है और परिवारों पर कर्ज बढ़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि देशवासियों को इस “कमरतोड़ महंगाई” से कब राहत मिलेगी।
