प्रभारी मंत्री के दौरे से पहले बवाल: नेता प्रतिपक्ष राठौर हिरासत में, कांग्रेस की चक्काजाम की चेतावनी के बाद हुए रिहा


खंडवा:जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के खंडवा दौरे से पहले मंगलवार सुबह राजनीतिक माहौल गरमा गया। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मुल्लु राठौर को कोतवाली पुलिस ने उनके निवास से हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया।जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे पुलिस बल राठौर के घर पहुंचा और उन्हें बिना स्पष्ट कारण बताए अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम के दौरान संभावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
हिरासत में लिए जाने के बाद मुल्लु राठौर ने मोबाइल के माध्यम से सोशल मीडिया पर अपनी गिरफ्तारी की जानकारी साझा की। सूचना मिलते ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली थाने पहुंच गईं। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल रिहाई नहीं हुई तो शहर भर में चक्काजाम किया जाएगा।
कांग्रेस के बढ़ते दबाव और विरोध की चेतावनी के बीच पुलिस ने करीब दो घंटे बाद राठौर को रिहा कर दिया। बताया जा रहा है कि पहले उन्हें प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम समाप्त होने तक थाने में ही रखने की तैयारी थी।
रिहाई के बाद मुल्लु राठौर ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि वे प्रभारी मंत्री के सामने खंडवा-मूंदी मार्ग की बदहाल स्थिति, जिले के पिछड़े विकास और जनसमस्याओं को उठाना चाहते थे। उन्होंने यह भी सवाल खड़ा किया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईंधन बचत की अपील कर रहे हैं, तब मंत्री का बड़ा काफिला शहर में क्यों घूम रहा है।
राठौर ने अपनी गिरफ्तारी को “लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन” बताते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर की राजनीति में माहौल और गर्मा गया है।

Next Post

​सिंघपुर बैराज हादसा: गहरे पानी में डूबे दो युवक, रात भर चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह मिले शव

Tue May 12 , 2026
छतरपुर/महाराजपुर: जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघपुर बैराज में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ नहाने गए दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय रोहित अहिरवार और 14 वर्षीय दुलीचंद उर्फ ओम अहिरवार के रूप में हुई है। […]

You May Like