छतरपुर/महाराजपुर: जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघपुर बैराज में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ नहाने गए दो युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय रोहित अहिरवार और 14 वर्षीय दुलीचंद उर्फ ओम अहिरवार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद ग्राम मटौंधा के ‘दीवान जी का पुरवा’ में चल रहे मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां पल भर में चीख-पुकार में बदल गईं।
नहाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गांव के गोरेलाल अहिरवार के घर में शादी का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए जम्मू से करीब 10-12 युवक आए थे। सोमवार को सभी युवक पास ही स्थित सिंघपुर बैराज डैम में नहाने गए थे। इसी दौरान रोहित और दुलीचंद गहरे पानी की चपेट में आ गए। साथियों के शोर मचाने पर ग्रामीण बचाने दौड़े, लेकिन तब तक दोनों युवक आंखों से ओझल हो चुके थे।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
ग्रामीणों द्वारा घंटों तलाशी के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो महाराजपुर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने रात के अंधेरे में भी सर्च ऑपरेशन जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह दोनों युवकों के शवों को डैम से बाहर निकाला जा सका।
जम्मू में रहकर करते थे काम
बताया गया है कि मृतक रोहित और दुलीचंद मूलतः इसी गांव के रहने वाले थे, लेकिन लंबे समय से जम्मू में रहकर काम कर रहे थे। वे विशेष रूप से इस शादी समारोह में शामिल होने गांव आए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
