ग्वालियर: जमुना बाई मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वाधान में शनिवार 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से मप्र चेंबर ऑफ कॉमर्स के माधवराव सिंधिया सभागार में ह्रदय रोग परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में ग्वालियर के हजारों मरीजों की प्राण रक्षा कर चुके जीबी पंत अस्पताल नई दिल्ली के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ जमाल यूसुफ मरीजों का परीक्षण कर सलाह देंगे।
यह जानकारी पत्रकारों से चर्चा करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल गुड्डू एवं सचिव संजीव अग्रवाल कुक्कू ने दी। उन्होंने बताया कि शिविर में निःशुल्क परामर्श के साथ शुगर,बीपी आदि की जांचें की जाएंगी। शिविर में परामर्श उन्हीं मरीजों को दिया जाएगा जो पहले ही आकर रजिस्ट्रेशन करा लेंगे। डॉ जमाल ग्वालियर के ह्रदय रोगियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कई ऐसी मरीजों का इलाज किया है जिन्हें ग्वालियर के चिकित्सकों ने जांच के आधार पर बायपास सर्जरी की सलाह दे दी लेकिन एंजियोप्लास्टी और सामान्य इलाज से वह सकुशल हैं। पत्रकार वार्ता में चेंबर के मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल एवं शिवम अग्रवाल भी मौजूद रहे।
