
सिंगरौली । नगर निगम के वार्ड क्रमांक 36 तेलगवां स्थित विद्यालय में बच्चों को मिलने वाले मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
आरोप है कि विद्यालय में निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, जिस दिन मीनू में पुलाव शामिल था, उस दिन बच्चों को सादा चावल परोसे जाने की बात सामने आई है। इससे विद्यालय की भोजन व्यवस्था और जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार विद्यालय में करीब 120 बच्चे दर्ज हैं और नियमित रूप से बच्चों की उपस्थिति भी रहती है। आरोप है कि संबंधित दिन विद्यालय में करीब 50 बच्चों के लिए ही भोजन पहुंचा। ऐसे में शेष बच्चों के भोजन की व्यवस्था कैसे हुई, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विद्यालय स्तर से समस्या की जानकारी संबंधित जिम्मेदारों तक पहुंचाए जाने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
वार्ड पार्षद ने निरीक्षण कर जताई नाराजगी
मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 36 के कांग्रेस पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पर्याप्त भोजन मिलना उनका अधिकार है। बच्चों की वास्तविक उपस्थिति के अनुसार भोजन की मात्रा निर्धारित होनी चाहिए, ताकि किसी भी बच्चे को भोजन से वंचित न होना पड़े। पार्षद ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने भोजन की मात्रा, मीनू के पालन और वितरण व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की बात कही। साथ ही चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और बच्चों को मीनू के अनुरूप पर्याप्त भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया तो मामले को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
