
रेहटी। क्षेत्र के कोठरा पिपलिया ग्राम निवासी सुमेर पंवार की कथित रूप से आर्थिक तंगी, बकाया रकम न मिलने और कर्ज के दबाव के बीच मौत हो गई. मौत से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें आर्थिक परेशानियों, विभिन्न लोगों के साथ हुए लेन-देन और मानसिक प्रताडऩा का जिक्र करते हुए कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए.
वीडियो में सुमेर पंवार ने दावा किया कि उसने कई लोगों से लिए गए मूलधन का भुगतान कर दिया था, लेकिन ब्याज की मांग और लगातार हो रही कथित प्रताडऩा के कारण वह मानसिक रूप से टूट चुका था. उसने यह भी आरोप लगाया कि बाजार में उसके करीब 30 लाख रुपये से अधिक विभिन्न लोगों के पास बकाया हैं, जिनकी वसूली नहीं हो सकी. आर्थिक दबाव के चलते उसे अपनी जमीन और गाडिय़ां तक बेचनी पड़ीं.
वीडियो में उसने कई लोगों के नाम लेते हुए उनसे जुड़े कथित लेन-देन का भी उल्लेख किया.
वीडियो के अंतिम हिस्से में सुमेर पंवार ने कहा कि वह आर्थिक दबाव और कथित प्रताडऩा से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है। उसने अपने परिजनों से अपील की कि उसकी गाडिय़ां और बकाया रकम वापस दिलाने का प्रयास किया जाए.
मामले में एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
