भोपाल। मध्य प्रदेश में बीजेपी बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक एक तय संगठनात्मक ढांचे के जरिए काम करती है। प्रदेश की टोली के बाद जिला, मंडल और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां तय हैं। बूथ पर 11 सदस्यों की टोली होती है, जबकि पन्ना प्रभारी और अर्ध पन्ना प्रभारी के जरिए कार्यकर्ताओं को सीधे परिवारों से जोड़ा जाता है। एक पन्ना प्रभारी करीब 30 परिवारों और अर्ध पन्ना प्रभारी 15-15 परिवारों की जिम्मेदारी संभालते हैं।
बीजेपी के कार्यालय मंत्री ने बताया कि किसी अभियान या कार्यक्रम की रिपोर्टिंग भी इसी चेन सिस्टम के जरिए होती है। उदाहरण के तौर पर सेवा संकल्प अभियान के लिए प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर प्रभारी बनाए गए हैं। बूथों पर हुए कार्यक्रमों की जानकारी मंडल प्रभारी तक पहुंचती है, मंडल प्रभारी अपनी रिपोर्ट जिला प्रभारी को देते हैं और जिला स्तर से पूरी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय भेजी जाती है।
इस रिपोर्टिंग में यह जानकारी जुटाई जाती है कि प्रदेश के 62 संगठनात्मक जिलों में किन-किन जिलों, मंडलों और बूथों पर कार्यक्रम हुए और कितने बूथों तक संगठन की गतिविधियां पहुंचीं। यानी बूथ स्तर से शुरू होकर प्रदेश कार्यालय तक पहुंचने वाली रिपोर्टिंग की पूरी एक श्रृंखला बीजेपी के संगठनात्मक कामकाज का हिस्सा है।
