
उज्जैन. मंगलवार बुधवार की दरमियांनी रात को मीनार का आदेश से ज्यादा हिस्सा हटा दिया गया, शाही मस्जिद पर तुड़ाई का काम मस्जिद प्रबंधन द्वारा स्वयं किया जा रहा है,इससे शहर में अमन चैन का माहौल है और जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन नगर निगम की टीम मौके पर जुटी हुई है .चाक चोबंद व्यवस्था है .गुरुवार की रात को मीनार का बाकी का हिस्सा हटाया जाएगा .उक्त प्रभावित हिस्सा हटाने के बाद कंठाल से गोपाल मंदिर तक का क्षेत्र आसानी से दिखेगा.
शाही मस्जिद के 10 प्रतिशत तक के हिस्से को पूर्व मे सड़क चौड़ीकरण की जद में बताया गया और हाईकोर्ट के रिकॉर्ड में उज्जैन में करीब 80 धार्मिक स्थलों से जुड़े निर्माणों पर कार्रवाई का उल्लेख है .इसी सड़क पर 10 मंदिरों और एक मस्जिद के हिस्से हटाए जाने की बात भी दर्ज है. कुल मिलाकर यह पूरा मसला मास्टर प्लान में दर्ज है .यही कारण है कि जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन नगर निगम इस कार्य में जुटा हुआ है.
मास्टर प्लान में पहले से शामिल है मार्ग
प्रशासन के अनुसार यह चौड़ीकरण कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं बल्कि शहर के मास्टर प्लान और सिंहस्थ की तैयारियों से जुड़ा मार्ग विकास है। शाही मस्जिद प्रकरण में हाईकोर्ट ने 10 सितंबर को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज कर दी थीं। इसके बाद प्रशासन और मस्जिद प्रबंधन के बीच सहमति बनी और प्रभावित हिस्से को स्वयं हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। बाद की कार्यवाही में तीन फीट हिस्से और मीनार को दूसरी ओर स्थानांतरित करने संबंधी सहमति का भी उल्लेख हुआ।
सात दिन तक बैरिकेडिंग, गली-गली पुलिस पहरा
मस्जिद की तोड़ाई और निर्माण सामग्री गिरने की आशंका को देखते हुए लगभग एक किलोमीटर के दायरे को बैरिकेड से कवर्ड किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था करीब सात दिन तक इसी तरह बनाए रखने की तैयारी है। आसपास के व्यापारी, रहवासी और दुकानदार फिलहाल कंटेनमेंट जोन जैसी व्यवस्था में रहेंगे। आम आवाजाही को सीमित रखने का उद्देश्य यह है कि तोड़ाई के दौरान कोई व्यक्ति मलबे या निर्माण सामग्री की चपेट में आकर घायल न हो।
अफसरो ने झोंकी ताकत
चौराहे से गलियों तक पुलिस की तैनाती है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, संभाग आयुक्त आशीष सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने मोर्चा संभाल रखा है। आईजी राकेश गुप्ता भी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। भोपाल से भी वरिष्ठ अधिकारी स्थिति की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं और एडीजी उपेंद्र जैन के दौरे के बाद सुरक्षा इंतजामों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
5000 से अधिक जवानों का बल, घुड़सवार भी तैनात
संवेदनशील क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था में 5000 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगने की जानकारी सामने आई है। घुड़सवार पुलिस बल सहित अन्य सुरक्षा संसाधन भी लगाए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात जवानों के लिए भोजन, चाय और नाश्ते की व्यवस्था की गई है, इसका टेंडर भी किया गया है.ताकि लगातार ड्यूटी के दौरान सुरक्षा बलों को किसी तरह की परेशानी न हो। शाही मस्जिद के आसपास सुरक्षा को लेकर हाल के घटनाक्रम के बाद पुलिस की तैनाती और निगरानी बढ़ाई गई है।
