इंदौर:तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में बीती रात एक मजदूर की खून से सनी लाश मिली है। मजदूर दो दिन से लापता था।बीती रात उसका शव सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला।
तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मारकम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक लहूलुहान हालात में सड़क पर पड़ा है। जब पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुँची, तो युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान रेनसिंह पिता बालाजी (28), निवासी गुना हाल मुकाम तेजाजी नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया।
15 दिन पहले ही काम की तलाश में आया था इंदौर
जांच में सामने आया है कि रेनसिंह करीब 15 दिन पहले ही अपनी साथी कलाबाई के साथ मजदूरी की तलाश में गुना से इंदौर आया था। दोनों तेजाजी नगर क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहते थे और महादेव ईंट फैक्ट्री पर मजदूरी का काम करते थे।रेनसिंह बीते दो दिनों से अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद जब वह नहीं मिला, तो उसकी पत्नी ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार रात उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।टीआई देवेंद्र मारकम के मुताबिक, शुरुआती जांच और चोट के निशानों से प्रतीत होता है कि रेनसिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। उसकी मौत डंडों और भारी वस्तु के प्रहार से हुई है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि रेनसिंह का किन लोगों से विवाद था और ईंट फैक्ट्री या उसके आसपास के लोगों की इसमें क्या भूमिका है।
