जनवरी में बिके रिकॉर्ड साढ़े चार लाख यात्री वाहन

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों और नीतिगत प्रोत्साहनों के दम पर घरेलू बाजारों में जनवरी में यात्री वाहनों की थोक बिक्री ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाया और साढ़े चार लाख के करीब पहुंच गयी।

यात्री वाहनों में कार, उपयोगी वाहन और वैन शामिल हैं। दुपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री भी साल के पहले महीने में रिकॉर्ड स्तर पर रही।

वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में घरेलू बाजारों में यात्री वाहनों की कुल बिक्री 12.6 प्रतिशत बढ़कर 4,49,616 इकाई पर पहुंच गई। दुपहिया वाहनों की बिक्री 26.02 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 19,25,603 इकाई पर और तिपहिया की 30.2 प्रतिशत बढ़कर 75,725 पर पहुंच गयी।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने बिक्री के आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नये साल की शुरुआत सकारात्मकता के साथ हुई है और जीएसटी की दरों में आयी कमी के कारण पिछली तिमाही में भी जारी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 में घोषित पहलों से विनिर्माण क्षेत्र और मजबूत होगा।

दुपहिया वाहनों में स्कूटरों की बिक्री 36.9 प्रतिशत बढ़कर 7,50,580 इकाई पर पहुंच गयी। मोटरसाइकिलों की बिक्री में 20.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 11,26,416 इकाई रही।

तिपहिया यात्री वाहनों की बिक्री 30.4 प्रतिशत बढ़कर 60,881 इकाई पर और मालवाहक तिपहिया की बिक्री 33.4 प्रतिशत बढ़कर 13,374 इकाई हो गयी।

 

 

Next Post

खेती ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था का आधार है: कमिश्नर

Fri Feb 13 , 2026
रीवा: कमिश्नर बीएस जामोद ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कृषि तथा उससे जुड़े विभागों के कार्यों की समीक्षा की. कमिश्नर ने कहा कि खेती ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था का आधार है. खेती को उन्नत बनाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. वर्तमान वर्ष को कृषि वर्ष […]

You May Like