
रीवा। बेमौसम हुई बारिश से किसानो की खरीफ फसल नष्ट हो गई. फसलो का सर्वे शुरू कर दिया गया है. कई जगह अभी टीम किसानो के खेतो तक नही पहुंची है.
जिले में हुई असामयिक वर्षा से फसलों की अनुमनित क्षति का खेतों में जाकर सर्वे करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये थे. राजस्व, कृषि, उद्यानिकी एवं पंचायत व ग्रामीण विकास विभागों के अधिकारियों/ कर्मचारियों के संयुक्त दलों द्वारा खेतों में जाकर फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है. तहसील हुजूर के ग्राम कुचूर, पैपखरा 385, त्योंथर तहसील के देवरा, गोदखुर्द, रिसदा, फूलदेउर, जवा के जोन्हा एवं कोटा तथा गुढ़ के भीटा सहित सिरमौर, रायपुर कर्चुलियान सहित सभी तहसीलों में निरीक्षण दलों द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं प्रभावित किसानों की उपस्थिति में फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है. कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि फसल क्षति का आकलन कर रिर्पोट समयावधि में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि प्रभावितों को मदद के संबंध में कार्यवाही सुनिश्चित करायी जा सके. कई जगह सर्वे करने टीम अभी नही पहुंचे है और किसान खेत से कटी हुई फसल को उठाने लगे है.
