
पेटलावद. कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमरकोट एवं उप स्वास्थ्य केंद्र सेमलिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में आमजन को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमरकोट में लेबर रूम एवं पीएनसी वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लेबर रूम की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने प्रसव संबंधी सुविधाओं एवं प्रसव के बाद माताओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं नियमित रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने केंद्र में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। स्वास्थ्य केंद्र में निर्धारित 299 प्रकार की आवश्यक दवाइयों में से 175 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध पाई गईं। निरीक्षण के दौरान आई ड्रॉप की कमी पाए जाने पर उन्होंने जिला स्तरीय स्टोर में उपलब्धता की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित जिला स्तरीय स्टोर प्रमुख को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा आवश्यक दवाइयों की समय पर डिमांड प्रस्तुत कर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा।
इसके पश्चात कलेक्टर डॉ. भरसट ने उप स्वास्थ्य केंद्र सेमलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) की क्लीनिकल ट्रेनिंग, मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तथा केंद्र में की जा रही विभिन्न जांचों के संबंध में जानकारी ली। केंद्र में उपलब्ध 14 प्रकार की जांच सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने इनका लाभ पात्र एवं जरूरतमंद मरीजों तक नियमित रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र में संचालित टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया और टीकाकरण की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही योग गतिविधियों के संचालन के संबंध में जानकारी लेते हुए नियमित रूप से योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एल चोपड़ा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
