भरतपुर, 30 सितम्बर (वार्ता) राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में एक अक्टूबर से शुरू होने वाले नये पर्यटन सीजन में इस बार रणथंभौर आने वाले पर्यटकों को नई सुविधाओं के साथ कई बदलाव भी देखने को मिलेंगे।
वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि गणेश धाम द्वार पर विश्व स्तरीय व्याख्या केंद्र विकसित किया जा रहा है। इसमें जोन एक से पांच तक जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रस्थान स्थल ,प्रतीक्षा क्षेत्र और पार्किंग सहित कई सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। वहीं, पर्यटन नियमों का उल्लंघन करने वाले गाइड और चालकों पर भी वन विभाग सख्ती करेगा। उन्होंने बताया कि रणथंभौर के सभी पर्यटन जोन के रास्तों को भी दुरुस्त कर दिया गया है, ताकि पर्यटकों को सफारी के दौरान परेशानी नहीं हो। व्याख्या केंद्र आगामी तीन-चार महीने में बनकर तैयार हो जायेगा।

