जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत ग्राम बरबटी और आसपास के इलाकों में केबल चोर गिरोह ने एक ही रात में योजनाबद्ध तरीके से आधा दर्जन के करीब किसानों के खेतों से सबमर्सिबल पंप की कीमती केबल पार कर दी। इस चोरी की घटना से क्षेत्र के कृषकों में भारी आक्रोश है।जानकारी के अनुसार पिंकसिटी बिलहरी थाना गोराबजार निवासी 70 वर्षीय अशोक कुमार शुक्ला का ग्राम बरबटी में कृषि फार्मलैंड है। यहाँ पिछले 10 वर्षों से लक्ष्मण बर्मन सपरिवार रहकर फार्म की देखरेख करता है।
लक्ष्मण ने मालिक को सूचना दी कि बीती रात अज्ञात चोरों ने बोरवेल स्टार्टर से पंप तक लगी करीब 40 मीटर केबल काटकर चोरी कर ली है। जब पीड़ित किसान अशोक शुक्ला और उनके कर्मचारी ने आसपास पतासाजी की, तो पता चला कि उस रात चोरों ने दीपक यादव के खेत से सबसे ज्यादा करीब 200 मीटर केबल चोरी हुई। परषोत्तम उर्फ गुड्डू बर्मन के खेत से भी केबल पार की गई।
अशोक अरोरा के यहाँ भी केबल चोरी की वारदात हुई। इसके अलावा सुरेन्द्र गुप्ता के खेत से भी चोरों ने करीब 35 मीटर केबल पर हाथ साफ किया। केबल चोरी होने से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि फसल की सिंचाई कार्य भी पूरी तरह ठप हो गया है। पुलिस अब गांव के संदिग्धों और पुराने अपराधियों की कुंडली खंगाल रही है। साथ ही कबाड़ियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी गई केबल का सुराग लग सके
